बिलासपुर, 14 जुलाईं (आरएनएस)। डीजल चोरी के आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद कथित तौर पर छोडऩे के मामले में बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) उमेश उपाध्याय को निलंबित कर दिया है। मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एसएसपी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए यह कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, कोनी थाना पुलिस ने नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रक और ट्रेलर जैसे भारी वाहनों से डीजल चोरी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह के पांच आरोपियों को दबिश देकर गिरफ्तार किया था। आरोप है कि गिरफ्तारी के बाद थाने से पांच में से तीन आरोपी बैसाखू, राजेश और राजू को छोड़ दिया गया।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। इसके बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने पूरे मामले की समीक्षा कर प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर एएसआई उमेश उपाध्याय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। पुलिस विभाग मामले की आगे की जांच कर रहा है।
बंछोर
000

