कोरबा, 14 जुलाईं (आरएनएस)। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस ने ‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबाÓ अभियान के तहत देर रात गुंडों, निगरानी बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीमों ने उनके घरों पर पहुंचकर सघन सत्यापन किया और भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की सख्त हिदायत दी।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के तहत उन व्यक्तियों का भी सत्यापन किया गया, जिनके वर्ष 2024, 2025 और 2026 में जिला बदर किए जाने के लिए जिला दंडाधिकारी को प्रतिवेदन भेजे जा चुके हैं। पुलिस ने सभी संदिग्ध और निगरानी बदमाशों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई तथा उन्हें कानून का पालन करने की चेतावनी दी। अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति दोबारा किसी अपराध में संलिप्त पाया गया या कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया, तो उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिले में असामाजिक और आपराधिक तत्वों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। कोरबा पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि अपराध करने वालों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
बंछोर
०००

