भिलाई, 14 जुलाईं (आरएनएस)। खम्हरिया स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल (सेजेस) में तीन दिनों के भीतर कक्षा 9वीं-ए की आठ छात्राओं की अचानक तबीयत बिगडऩे से स्कूल और शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। छात्राओं में चक्कर आना, बेहोश होना, हाथ-पैर अकडऩा, चीखना-चिल्लाना, आंखों से आंसू निकलना और बोलने में दिक्कत जैसे लक्षण सामने आने के बाद जिला शिक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सोमवार को दो छात्राएं अचानक कक्षा में चीखने-चिल्लाने लगीं, उनके हाथ-पैर अकड़ गए और वे बेहोश हो गईं। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। जांच में एक छात्रा में सिकल सेल संबंधी समस्या पाई गई, जबकि दूसरी छात्रा की सभी मेडिकल रिपोर्ट सामान्य आई हैं।
स्कूल प्रबंधन के अनुसार पहली घटना 9 जुलाई को हुई थी, जब एक साथ पांच छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई थी। सभी को शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य हो गई। इसके बाद 11 जुलाई को भी दो छात्राओं में इसी तरह के लक्षण देखने को मिले। प्राचार्य सुनीता दीवान ने बताया कि अब तक यह स्थिति केवल डे-शिफ्ट की कक्षा 9वीं-ए की छात्राओं में ही सामने आई है। सुबह की शिफ्ट के विद्यार्थियों या शिक्षकों में ऐसी कोई शिकायत नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि सभी छात्राओं की मेडिकल रिपोर्ट सामान्य आने के कारण शुरुआती तौर पर मामला मनोवैज्ञानिक कारणों से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा विभाग ने जांच शुरू कर दी है। छात्राओं की काउंसलिंग के लिए मनोवैज्ञानिकों की टीम बुलाई गई है, वहीं एहतियात के तौर पर कक्षा 9वीं-ए का कमरा भी बदल दिया गया है। स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और बच्चों का मनोबल बनाए रखने की अपील की है।
बंछोर
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

