अरैल में हनुमंत कथा के चलते लिया गया निर्णय
प्रयागराज 20 अप्रैल (आरएनएस)। अरैल में 20 से 23 अप्रैल तक होने वाली बागेश्वर धाम सरकार की हनुमंत कथा को लेकर प्रशासन ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी कर दिया गया है। भीड़ और जाम से निपटने के लिए शहर के अलग-अलग रूट और पार्किंग स्थान तय किए गए हैं, वहीं नो एंट्री के समय में भी बदलाव किया गया है।
अब इन चार दिनों में नो एंट्री रात 10 बजे की बजाय रात 12 बजे खुलेगी। यानी देर रात तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस उपायुक्त यातायात के अनुसार मिर्जापुर की ओर से आने वाले बड़े वाहन और बसों को सरस्वती हाईटेक सिटी में बनाई गई पार्किंग में रोका जाएगा। वहीं रीवा, मिर्जापुर और शहर की तरफ से आने वाले बड़े वाहन नवप्रयागम के पूर्वी और पश्चिमी हिस्से में पार्क कराए जाएंगे। चार पहिया वाहनों के लिए भी अलग-अलग व्यवस्था की गई है। मिर्जापुर से आने वाले वाहन ओमेक्स और डीपीएस के पास पार्क होंगे, जबकि शहर से आने वाले वाहन नव प्रयागम पूर्वी और पश्चिमी में खड़े किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि अरैल कस्बे के स्थानीय लोगों के लिए भी अलग पार्किंग तय की गई है। यहां चार पहिया वाहन गजिया पार्किंग और दो पहिया वाहन देवरख पार्किंग में खड़े करने होंगे।
बाक्स 1
वीआईपी वाहनों के लिए अलग रूट
प्रयागराज। वीआईपी वाहनों के लिए डीपीएस तिराहे के पास विशेष पार्किंग बनाई गई है। इनके आवागमन के लिए सरस्वती हाईटेक सिटी से ओमेक्स होते हुए अलग मार्ग तय किया गया है। प्रशासन ने वीआईपी से निर्धारित रूट का ही पालन करने की अपील की है।
बाक्स 2
नो एंट्री प्वाइंट्स पर रोके जाएंगे भारी वाहन
प्रयागराज। शहर के कई प्रमुख एंट्री प्वाइंट्स पर भारी वाहनों की एंट्री पर रोक रहेगी। बगहा क्रासिंग (हंडिया), सहसो चौराहा, मलाक हरहर, फाफामऊ, पूरामुफ्ती, ट्रांसपोर्ट नगर, कटहुला मोड़, गौहनिया, इरादतगंज और रामपुर तिराहे से तय समय से पहले बड़े मालवाहक वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

