नईदिल्ली,22 अपै्रल (आरएनएस)। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पिछले साल 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर इजरायल ने अपना संदेश साझा किया है। भारत में इजरायली दूतावास में राजदूत रूवेन अजार ने वीडियो संदेश जारी कर कहा कि इजरायल भारत के साथ आतंकवाद के खिलाफ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह भारत पर 22 अप्रैल को हमला हुआ था, वैसे ही इजरायल पर 7 अक्टूबर को आतंकवादी हमला हुआ था।
अजार ने वीडियो में कहा, आज पहलगाम में हुए बर्बर आतंकी हमले के एक साल हो गए हैं, जब 26 निर्दोष लोगों की जान गई थी। मैं इजरायल की तरफ से पीडि़त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं। इजरायल ने भी 7 अक्टूबर को ऐसा घृणित हमला देखा है। ये दिखाता है कि आतंकवाद की कोई सीमा नहीं है। भारत-इजरायल आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में साथ हैं और इसका दृढ़ता से सामना करने के लिए संकल्पबद्ध हैं।
पिछले साल 22 अप्रैल को आतंकवादियों ने पहलगाम की बैसरन घाटी में घूमने पहुंचे पर्यटकों को निशाना बनाया और 26 पुरुष पर्यटकों का धर्म पूछकर गोली मार दी। इसके बाद देश में आक्रोश फैल गया। भारतीय सेना ने 7 मई को हमले के जवाब में ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया और पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को नष्ट कर दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बुधवार को अपने संदेश में लिखा कि भारत कभी आतंकवाद के सामने नहीं झुकेगा।
इजरायल पर 7 अक्टूबर, 2023 को फिलिस्तीन के सशस्त्र आतंकवादी समूह हमास ने गाजा पट्टी से एक अभूतपूर्व और समन्वित हमला किया, जिसमें लगभग 1,200 लोग मारे गए और 240 से अधिक को बंधक बनाया गया था। इसके बाद इजरायल ने भीषण युद्ध छेड़ा था।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

