0-यूपी के सीएम ने कहा- किसी भी माई के लाल को बंगाल की अस्मिता से खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा
कोलकाता,22 अपै्रल (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज महानगर कोलकाता के जोड़ासांको में रैली व पार्टी की सभा से जहां भाजपा के उम्मीदवारों के समर्थन में चुनाव प्रचार किया वहीं उन्होंने सीएम ममता बनर्जी को ललकारा। सीएम योगी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में 4 मई को भगवा लहराएगा। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बुआ-भतीजा बंगाल का अस्तित्व मिटाना चाहते हैं। कोलकाता का मेयर कहता है कि यहां ऊर्दू चलेगी। किसी भी माई के लाल को बंगाल की अस्मिता से खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनता का उत्साह इस बात का संकेत है कि लोग अब बंगाल की संस्कृति और विरासत को बचाने के लिए परिवर्तन चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यह भूमि स्वतंत्रता आंदोलन की प्रेरणास्थली रही है और आज भी जनशक्ति को दिशा देती है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में राज्य में बेरोजगारी बढ़ी है, कई उद्योग बंद हुए हैं और किसानों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर कम हुए हैं और जनता अब बेहतर शासन की अपेक्षा कर रही है। सीएम योगी ने कहा कि, बड़ा बाजार सबसे समृद्धतम व्यापारिक क्षेत्रों में अन्यतम है। जहां व्यापार, साहित्य, कला, सांस्कृतिक परंपरा व पौराणिक कालीबाड़ी मंदिर के लिए भी यह क्षेत्र जाना जाता है। हमें बंगाल की अस्मिता को बचाना है और कठमुल्लेपन को बढ़ावा देने वालों को हर हाल में रोकना है। योगी ने मतदाताओं से अपील की कि लोकतंत्र ने आपको जो ताकत दी है, अपने वोट के जरिए उसका सही इस्तेमाल कीजिए। मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नारे पर भी निशाना साधते हुए कहा, “वे कहती हैं ‘खेला होबेÓ, लेकिन हम कहने आए हैं ‘एबार खेला शेष, उन्नयन शुरूÓ।” बड़ा बाजार के सत्यनारायण पार्क में उत्तर कोलकाता की विभिन्न विधानसभा सीटों के प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित सभा में योगी ने दावा किया कि पहले चरण में भाजपा 80 प्रतिशत सीटें जीत रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब “उपद्रव नहीं, उत्सव” का माहौल है और माफिया राज समाप्त हो चुका है। यदि कोई अपराधी सिर उठाता है, तो सरकार उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करती है।सीएम योगी ने कहा कि आज रवींद्रनाथ टैगोर, अरविंद घोष, बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की पावन धरा में टीएमसी के गुंडे चीरहरण कर रहे हैं, लूट रहे हैं। टीएमसी टेरर, माफिया राज व करप्शन का पर्याय बन गई है। जो बंगाल कभी भारत की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन हुआ करता था, भारत के विकास में मजबूती के साथ आगे बढ़ता था, जिस बंगाल में उद्योगों की लंबी श्रृंखला थी, नौजवानों के पास रोजगार था, अन्नदाता किसान की मेहनत से धरती सोना उगलती थी, आज उसी बंगाल में उद्योग-धंधे बंद हो रहे हैं। नौजवान बेरोजगार हैं। धान व मछली का उत्पादन घट रहा है। आलू उत्पादक किसान अपमानित महसूस कर रहा है। बंगाल में आज उपद्रव जैसा माहौल है। बता दे कि उक्त चनावी सभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मतदाताओं से भाजपा उम्मीदवारों, जोड़ासांको से विजय ओझा, मानिकतला से तापस रॉय, चौरंगी से संतोष पाठक, श्यामपुकुर से पूर्णिमा चक्रवर्ती, बेलेघाटा से पार्थ चौधरी और इंटाली से प्रियंका टिबरेवाल की शानदार जीत सुनिश्चित करने की अपील की।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

