अंबिकापुर, 22 अप्रैल (आरएनएस)। कलेक्ट्रेट परिसर में उस समय अजीबोगरीब हालात देखने को मिले, जब ग्रामीण यांत्रिकीय सेवा (आरईएस) विभाग के कर्मचारी अपने शासकीय कार्य छोड़कर आम तोडऩे में जुटे नजर आए। इस दौरान कार्यालय का कामकाज पूरी तरह प्रभावित रहा और फरियादी अपनी समस्याओं को लेकर भटकते रहे।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यालय समय में कुछ कर्मचारी बांस के डंडों से पेड़ों पर लगे आम गिराते दिखाई दिए, जबकि अन्य कर्मचारी नीचे चादर बिछाकर आम इक_ा करते रहे। इस बीच कार्यालय की कुर्सियां खाली पड़ी रहीं और कोई भी कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन करते नहीं दिखा।बताया जा रहा है कि एक ओर जिला प्रशासन सुशासन तिहार की तैयारियों में व्यस्त है, वहीं दूसरी ओर विभागीय कर्मचारी इस तरह की लापरवाही करते नजर आ रहे हैं, जिससे आम लोगों में नाराजगी है। फरियादियों को अपने काम के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा, लेकिन संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौके पर उपलब्ध नहीं थे।हैरानी की बात यह रही कि मौके पर मौजूद जिम्मेदार अधिकारी भी इस पूरे घटनाक्रम पर मूकदर्शक बने रहे और किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई।घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। हालांकि इस मामले में कार्यपालन अभियंता से प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।यह घटना प्रशासनिक लापरवाही और जिम्मेदारीहीनता का बड़ा उदाहरण बनकर सामने आई है। अब देखना होगा कि इस मामले में संबंधित विभाग के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

