सुल्तानपुर 22 अप्रैल (आरएनएस)। जिले में आज पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भारतीय वायुसेना का रोमांचक एयर शो आयोजित हुआ, जिसने लोगों का उत्साह चरम पर पहुंचा दिया। दोपहर 2 बजे शुरू हुए इस एयर शो में करीब 3 घंटे तक आसमान में लड़ाकू विमानों की गर्जना गूंजती रही।
एयर शो की शुरुआत वायुसेना के ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट की शानदार लैंडिंग से हुई, जिसने एक्सप्रेस-वे पर बनी इमरजेंसी एयरस्ट्रिप पर उतरकर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। इसके बाद जगुआर फाइटर जेट ने उड़ान भरी और फिर राफेल, सुखोई और मिराज जैसे अत्याधुनिक लड़ाकू विमानों ने टेकऑफ और लैंडिंग कर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। इस दौरान सेना के एम17 हेलीकॉप्टर से कमांडोज ने मॉक ड्रिल कर सैन्य ऑपरेशन का अभ्यास भी दिखाया, जिसे देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे। वहीं एम32 भीष्म एयरक्राफ्ट ने एयरस्ट्रिप पर ‘टच एंड गोÓ का अभ्यास कर अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया। शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक एक बार फिर युद्धाभ्यास का दूसरा चरण आयोजित किया जाएगा। इस पूरे आयोजन को ध्यान में रखते हुए करीब 5 किलोमीटर का क्षेत्र सुरक्षा के मद्देनजर सील किया गया है। आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर 3.2 किलोमीटर लंबी इमरजेंसी एयरस्ट्रिप तैयार की गई है, जो जरूरत पडऩे पर वायुसेना के विमानों के संचालन में अहम भूमिका निभाएगी। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर भी पहुंचे, जहां उन्होंने एयर मार्शल का स्वागत किया। इस मौके पर उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में वोट प्रतिशत बढ़ाने के प्रयासों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह एयर शो सेना को अलर्ट और तैयार रखने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े द्वारा दिए गए विवादित बयान की भी उन्होंने कड़ी निंदा की। एयर शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शिवकुमार सिंह, सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय, कादीपुर विधायक राजेश गौतम, जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह, एसडीएम सदर विपिन द्विवेदी और लंभुआ एसडीएम प्रीति जैन सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। इस एयर शो को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह का माहौल बना रहा।
गौरतलब है कि इससे पहले जून 2023 में भी यहां 4 घंटे का अभ्यास किया गया था। 16 नवंबर 2021 को प्रधानमंत्री ने इसी एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया था और वे वायुसेना के हरक्युलिस विमान से इसी एयरस्ट्रिप पर उतरे थे। लखनऊ से गाजीपुर तक फैला 341 किलोमीटर लंबा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे करीब 22,494.66 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ है। इसका निर्माण अक्टूबर 2018 में शुरू होकर सितंबर 2021 में पूरा हुआ। एयर शो को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे, जिससे पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल नजर आया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

