रायपुर,22 अप्रैल (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ व्यापमं द्वारा आयोजित मंडी बोर्ड उप निरीक्षक (सब इंस्पेक्टर) भर्ती परीक्षा 26 अप्रैल को प्रदेशभर में आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में कुल 34,168 अभ्यर्थी शामिल होंगे। राजधानी रायपुर सहित विभिन्न जिलों में इसके लिए 104 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक निर्धारित किया गया है। व्यापमं ने अभ्यर्थियों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए हैं। देर से आने वाले उम्मीदवारों को किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।परीक्षा में पारदर्शिता और नकल रोकने के लिए इस बार सख्त ड्रेस कोड लागू किया गया है। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के कपड़े पहनकर आना अनिवार्य होगा। काले, गहरे नीले या हरे रंग के कपड़े पहनने पर पाबंदी रहेगी। इसके साथ ही केवल आधी बांह (हाफ स्लीव) के कपड़े पहनने की अनुमति होगी, जबकि फुल स्लीव कपड़ों में प्रवेश नहीं मिलेगा।इसके अलावा जते, मोजे, बेल्ट और स्कार्फ पहनकर आने पर भी रोक लगाई गई है। अभ्यर्थियों को केवल चप्पल पहनकर परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा।परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। गेट पर पुलिस द्वारा सघन जांच (फ्रिस्किंग) की जाएगी। किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, ब्लूटूथ या संदिग्ध वस्तु मिलने पर अभ्यर्थी की पात्रता तत्काल रद्द कर दी जाएगी।व्यापमं ने परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों और सिविल सर्जनों को भी केंद्रों के निरीक्षण की जिम्मेदारी सौंपी है। अभ्यर्थियों को सभी नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है, ताकि उन्हें किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

