कोलकाता,22 अपै्रल (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल में आज होने वाले पहले चरण के मतदान से पहले चुनाव आयोग लगातार सख्ती बरत रहा है। सैकड़ों अधिकारियों के तबादले के बाद आयोग ने बाइक के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया है। मतदान से 2 दिन पहले शाम 6 से सुबह 6 बजे तक मोटरसाइकिल चलाने की अनुमति नहीं होगी। होटल में बाहरी लोगों को ठहरने पर भी प्रतिबंध लगाए गए हैं।
आयोग ने कहा कि बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को होने वाले मतदान से 2 दिन पहले से यानी 21 अप्रैल से शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे के बीच सड़कों पर मोटरसाइकिल चलाने की इजाजत नहीं होगी। आयोग ने मोटरसाइकिल रैलियों और बेवजह बाइक चलाने पर कड़ी कार्रवाई की बात कही है। चुनाव आयोग का मानना है कि मतदान के दौरान इनका मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए किया जा सकता है।
चुनाव आयोग ने होटलों को निर्देश दिया है कि वे ऐसे व्यक्तियों को न ठहराएं, जो स्थानीय निर्वाचन क्षेत्र के निवासी नहीं हैं। यह प्रतिबंध मंगलवार शाम 6 बजे से लागू हो गया है और मतदान पूरा होने तक जारी रहेगा। यह निर्देश दीघा, शंकरपुर, ताजपुर और मंदारमणि के तटीय पर्यटन क्षेत्रों में सख्ती से लागू किया गया है। पूर्वी मिदनापुर और जलपाईगुड़ी में भी ऐसे आदेश जारी किए गए हैं। होटल एसोसिएशन ने इसका विरोध किया है।
आमतौर पर चुनाव आयोग मतदान शुरू होने से 48 घंटे पहले शराब की बिक्री पर रोक लगाता है। हालांकि, बंगाल में 96 घंटे पहले ही शराब पर रोक लगा दी गई है।
सूत्रों ने चुनाव आयोग के सूत्रों के हवाले से बताया कि शराब की बिक्री पर रोक लगाने की न्यूनतम अवधि 48 घंटे है, लेकिन जरूरत के हिसाब से इस अवधि को बढ़ाने का अधिकार स्थानीय अधिकारियों के पास होता है।
चुनावों से पहले पुलिस आदतन उपद्रवियों को एहतियातन हिरासत में लेती है। पश्चिम बंगाल में भी चुनाव आयोग ने जिलों के आधार पर उपद्रवियों की सूचियां तैयार की हैं। इनमें तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के एक मौजूदा विधायक का भी नाम हैं। आयोग ने निर्देश दिया है कि अगर ये मतदाताओं को डराते-धमकाते हैं, तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाए। टीएमसी ने इस फैसले को कलकत्ता हाई कोर्ट में चुनौती दी है।
पश्चिम बंगाल में 2 चरणों में चुनाव होंगे। पहले चरण में 152 सीटों पर 23 अप्रैल और दूसरे चरण में 142 सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान होगा। पश्चिम बंगाल में कुल 294 विधानसभा सीटें हैं और बहुमत का आंकड़ा 148 है। पिछले विधानसभा चुनाव में टीएमसी ने 213, भाजपा ने 77 और अन्य ने 2 सीटें जीती थीं। अगर टीएमसी जीती, तो ममता बनर्जी रिकॉर्ड लगातार चौथी बार मुख्यमंत्री बनेंगी। वे ऐसा करने वाली देश पहली महिला होंगी।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

