एएनटीएफ टीम को मिली बड़ी सफलता, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश
प्रयागराज 22 अप्रैल (आरएनएस)। शहर में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने मंसूराबाद बाईपास के पास से 550, ग्राम हेरोइन के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की कीमत करीब 1.10 करोड़़ रुपये आंकी गई है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान मांडा निवासी अनीश कुमार उर्फ आशीष सोनकर और सौरभ सोनकर के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि वे प्रतापगढ़ समेत आसपास के जिलों में नशे की सप्लाई करने जा रहे थे। एएनटीएफ को लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर ऑपरेशनल यूनिट प्रभारी सत्येंद्र प्रधान के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। घेराबंदी कर कार सवार दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया। तलाशी में आरोपियों के पास से हेरोइन के अलावा दो मोबाइल फोन, एक कार और 700 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में खुलासा हुआ कि हेरोइन प्रयागराज के ही एक गांव के एक साथी ने मुहैया कराई थी। निर्देश था कि खेप को नवाबगंज क्षेत्र के एक टोल प्लाजा तक पहुंचाया जाए, जहां एक अज्ञात व्यक्ति माल रिसीव करता। बुधवार को दोनों आरोपियों को जिला न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। एएनटीएफ के अनुसार, मुख्य सरगना और अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश जारी है, जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

