आजमगढ़ 22 अप्रैल(आर एन एस)। जनपद में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना तेजी से ग्रामीण क्षेत्रों की तस्वीर बदल रही है। गांव-गांव शुद्ध पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत आजमगढ़ में अब तक बड़ी प्रगति दर्ज की गई है। लाखों परिवारों को नल कनेक्शन उपलब्ध कराए जा चुके हैं, जबकि हजारों गांवों में नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू हो चुकी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद आजमगढ़ में जल जीवन मिशन कार्यक्रम के अंतर्गत कुल 1463 पेयजल योजनाएं स्वीकृत की गई हैं। इन योजनाओं के माध्यम से जिले के 3603 राजस्व ग्रामों को लाभान्वित किया जाना है।
वर्तमान स्थिति की बात करें तो अब तक 1928 राजस्व ग्रामों में पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी गई है। इनमें से 1191 राजस्व ग्रामों को “हर घर जल” के तहत प्रमाणित भी किया जा चुका है, जो योजना की सफलता को दर्शाता है।
वहीं जिले में कुल 6,23,970 घरों को नल कनेक्शन देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके सापेक्ष अब तक 5,92,132 घरों को हाउस कनेक्शन उपलब्ध कराया जा चुका है, जो कुल लक्ष्य का 94.89 प्रतिशत है।
अधिकारियों के अनुसार इनमें से 3,33,948 घरों में नियमित रूप से पेयजल आपूर्ति की जा रही है, जबकि शेष घरों तक जलापूर्ति शुरू करने के लिए तेजी से कार्य कराया जा रहा है।
ग्रामीण इलाकों में वर्षों से पेयजल संकट झेल रहे लोगों के लिए यह योजना राहत बनकर सामने आई है। खासतौर पर महिलाओं और बच्चों को अब दूर-दराज हैंडपंप या कुओं से पानी लाने की परेशानी से काफी हद तक राहत मिली है।
प्रशासन का कहना है कि शेष कार्यों को भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा, ताकि जिले का हर घर स्वच्छ पेयजल सुविधा से जुड़ सके और सरकार की हर घर जल योजना का सपना पूरी तरह साकार हो सके।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

