भोपाल 22 अप्रैल (आरएनएस)। हबीबगंज इलाके में रहने वाली छात्रा ने मंगलवार रात घर में फांसी लगा ली। परिजनों ने फंदे से उतारकर उसे अस्पताल पहुंचाया था। जहां इलाज के दौरान बुधवार तड़के उसकी मौत हो गई। पुलिस को दिए बयानों में परिजनों ने रिजल्ट बिगडऩे से दुखी होकर सुसाइड करने की बात कही है।
मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। बुधवार दोपहर पीएम के बाद बॉडी परिजनों को सौंप दी गई है। पुलिस के मुताबिक मोनिका रायकवार पुत्री रामकृष्ण रायकवार (17) 6 नंबर स्टॉप शिवाजी नगर में रहती थी। पिता सरकरी नौकरी करते हैं, जबकि मां प्राइवेट जॉब करती हैं।
माता और पिता मंगलवार को अपने-अपने काम पर गए थे। उनके घर लौटने से पहले बेटी ने घर में फांसी लगा ली थी। मां-पिता ने घर पहुंचते ही बेटी को फंदे पर देखा, हालांकि उसके जिस्म में सांसें थीं। तत्काल फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान मोनिका की मौत हो गई।
पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। जांच अधिकारी एएसआई यशवंत सिह ने बताया कि परिजनों ने बयानों में बताया कि दसवीं कक्षा में रिजल्ट बिगडऩे से मोनिका दुखी थी। इसी से डिप्रेशन में आकर उसने सुसाइड किया है। हालांकि पुलिस प्रेम प्रसंग के एंगल पर भी जांच कर रही है।

