भोपाल 22 अप्रैल (आरएनएस)। किसान से प्लॉट का अनुबंध करने के बाद 9 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। पैसे लेकर भी जब तीन साल तक रजिस्ट्री नहीं कराई गई तो मामले की शिकायत पुलिस को की गई। जिसके बाद थाने पहुंचे किसान ने शिकायती आवेदन पुलिस को दिया। जांच के बाद बुधवार को पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हबीबगंज पुलिस ने बताया कि हेमराज चौकसे पिता नारायण सिंह (40) बिलखिरिया में रहते हैं तथा खेती किसानी करते हैं। तीन साल पहले उन्होंने चौकसे नगर स्थित एक प्लॉट का सौदा शहदेव साहू से किया था। प्रॉपर्टी डीलर सुमित कुम्हरे ने यह सौदा कराया था। इसके एवज में उसने 50 हजार रुपए लिए। वर्ष 2023 में दोनों पक्षों के बीच 6 नंबर स्टॉप स्थित एक नोटरी के दुकान पर उनका अनुबंध हुआ। इसी अनुबंध के तहत हेमराज ने 9 लाख रुपए दे दिए।
शहदेव ने कुछ ही दिनों में रजिस्ट्री कराने की बात कही थी। बाद में हेमराज जब भी रजिस्ट्री कराने की बात कहते तो शहदेव कोई न कोई बहाना बनाकर बात को टाल देता था। कई महीने बीत जाने के बाद भी जब उसने रजिस्ट्री नहीं कराई तो मामले में शिकायत थाने में कर दी गई। पुलिस ने जांच के उपरांत इस मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया है।

