खंडवा 22 अप्रैल (आरएनएस)। जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। खंडवा लोकसभा क्षेत्र से सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के छोटे भाई विश्वनाथ उर्फ बाडू पाटिल ने आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। प्ररांभिक जानकारी के अनुसार, यह घटना तड़के सुबह करीब 4 बजे की है। विश्वनाथ पाटिल अपने घर से चुपचाप निकले और अपने गृह ग्राम बोहरडा स्थित खेत के कुएं में कूदकर जान दे दी।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। कलेक्टर और एसपी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला गया। इसेक बाद पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं पुलिस टीम जांच में जुट गई है कि आखिर सांसद के भाई ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया। इसके पीछे की वजह क्या है।
फिलहाल इस आत्मघाती कदम के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इस दुखद घटना के बाद पाटिल परिवार और उनके समर्थकों में गहरा शोक है। जानकारी के मुताबिक, विश्वनाथ पाटिल का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव बोहरडा में किया जाएगा। विश्वनाथ पाटिल के देहांत से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। सांसद के निवास पर समर्थकों, बीजेपी कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट गई। इधर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच भी शुरू कर दी है।

