भोपाल 22 अप्रैल (आरएनएस)। मध्य प्रदेश की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। शिवपुरी जिले की पिछोर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी अपने विवादित बयान को लेकर घिर गए हैं। बेटे के एक्सीडेंट मामले में पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने करैरा एसडीओपी डॉ. आयुष जाखड़ को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। मामले के तूल पकडऩे के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने विधायक प्रीतम लोधी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में 3 दिन के अंदर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है, अन्यथा उनके विरुद्ध पार्टी अनुशासन की कार्रवाई की जाएगी।
22 अप्रैल 2026 को जारी इस पत्र में उनके हालिया आचरण को “अत्यंत आपत्तिजनक” और पार्टी अनुशासन के खिलाफ बताया गया है। नोटिस में स्पष्ट कहा-विधायक का व्यवहार पार्टी की मर्यादा के अनुरूप नहीं है। उन्हें 3 दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण देना होगा। जवाब संतोषजनक न होने पर कार्रवाई की जाएगी।
बताया जा रहा है कि विधायक के बेटे का हाल ही में एक्सीडेंट हुआ था। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई की, जिसको लेकर विधायक और पुलिस अधिकारी के बीच विवाद की स्थिति बन गई। इसके बाद दिया गया बयान अब राजनीतिक विवाद का कारण बन गया है।

