दतिया 22 अप्रैल (आरएनएस)। कलेक्टर स्वपिन्ल वानखड़े ने आज बुधवार को जिले में चल रहे समर्थन मूल्य पर गेंहूॅ उपार्जन को और सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से मां शांति वेयर हाउस स्थित गेंहूॅ खरीदी केन्द्र परासरी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केन्द्र पर उपस्थित किसानों से सीधा संवाद स्थापित कर व्यवस्थाओं का जमीनी स्तर पर जायजा लिया तथा समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चत किया।
खरीदी केन्द्र पर कलेक्टर वानखड़े ने किसानों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल उपलब्धता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा खरीदी केन्द्र पर स्वच्छता, छाया एवं सुविधाजनक व्यवस्था बनी रहे।
इसके पश्चात कलेक्टर ने खरीदी प्रक्रिया का गहन परीक्षण किया। उन्होंने स्वयं उपस्थित गेहूं के नमूनों की गुणवत्ता जांच की तथा अधिकारियों को निर्देशित किया कि केवल निर्धारित मानकों के अनुरूप ही गेहूं की खरीदी की जाए। किसी भी प्रकार के निम्न गुणवत्ता वाले अनाज को अस्वीकार करने के सख्त निर्देश देते हुए उन्होंने पारदर्शिता बनाए रखने पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्रतिदिन बुक हो रहे स्लॉट की संख्या, किसानों की गेहूं तुलाई की प्रगति एवं समग्र खरीदी लक्ष्य की स्थिति की विस्तृत जानकारी भी ली। उन्होंने पाया कि केंद्र पर कार्य सुचारू रूप से चल रहा है, फिर भी प्रक्रिया को और गति प्रदान करने हेतु आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि खरीदी प्रक्रिया को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से संचालित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान वंचित न रहे।

