रायपुर, 23 अप्रैल (आरएनएस)। राजधानी रायपुर में बढ़ती दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी के 13 दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 5.50 लाख रुपये बताई जा रही है।पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के निर्देश पर वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की विशेष टीम गठित की गई थी। टीम द्वारा शहर के विभिन्न इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई।इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि खरोरा निवासी राहुल वर्मा, जो पूर्व में भी वाहन चोरी के कई मामलों में शामिल रहा है, अलग-अलग दोपहिया वाहनों की सवारी कर रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने आरोपी की पतासाजी कर उसे हिरासत में लिया।पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने रायपुर शहर के विभिन्न इलाकों से 13 दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से सभी 13 वाहन बरामद कर लिए।जांच में सामने आया कि बरामद 11 वाहनों की चोरी के मामले सिविल लाइन, पंडरी, सरस्वती नगर, कोतवाली, डीडी नगर, देवेंद्र नगर, मौदहापारा और पुरानी बस्ती थाना क्षेत्रों में दर्ज हैं।पुलिस ने आरोपी राहुल वर्मा (33 वर्ष), निवासी ग्राम बुडेरा आजाद चौक थाना खरोरा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। उल्लेखनीय है कि आरोपी वर्ष 2023 में भी रायपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से 40 दोपहिया वाहन चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और अन्य संभावित घटनाओं से आरोपी के संबंधों की पड़ताल की जा रही है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

