जांजगीर-चांपा, 23 अप्रैल (आरएनएस)। जिले के एसपी कार्यालय परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक युवक ने जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।मिली जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान टीआर साहू (23 वर्ष), निवासी ग्राम मड़वा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से अपनी शिकायत को लेकर पुलिस अधिकारियों के पास जा रहा था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से वह मानसिक रूप से परेशान था।युवक ने अपने मकान मालिक राजेंद्र राठौर पर गंभीर आरोप लगाए थे। शिकायत में उसने बताया था कि मकान मालिक ने उसे बहला-फुसलाकर झूठे दस्तावेज तैयार करवाए, उसकी मजदूरी नहीं दी और उसके निजी दस्तावेज अपने पास रख लिए। साथ ही, उस पर एक महिला की हत्या को हादसा दिखाने के लिए दबाव बनाने और मना करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया था।बताया जा रहा है कि शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने से आहत होकर युवक एसपी कार्यालय पहुंचा और वहीं जहर का सेवन कर लिया। घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

