मेदिनीपुर 23 अप्रैल (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान पश्चिम मेदिनीपुर जिले के पिंगला विधानसभा क्षेत्र के एक मतदान केंद्र में लापरवाही का मामला सामने आया है। आरोप है कि दोपहर के समय प्रिसाइडिंग ऑफिसर समेत सभी चुनाव कर्मचारी बूथ खाली छोड़कर खाना खाने चले गए। जानकारी के मुताबिक, पिंगला विधानसभा के नौ नंबर बूथ पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी लाइन लगी हुई थी। जैसे-जैसे दिन बढ़ता गया, वोटरों की भीड़ भी बढऩे लगी। इसी बीच आरोप है कि प्रिसाइडिंग ऑफिसर मतदान केंद्र छोड़कर भोजन करने चले गए और उनके साथ अन्य मतदान अधिकारी भी चले गए। उस समय बूथ पर सेक्टर ऑफिसर भी मौजूद नहीं थे। जब सुरक्षा कर्मियों से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि अधिकारी बाहर गए हैं और बाद में आएंगे। इस घटना से इलाके में काफी हंगामा और चर्चा शुरू हो गई।
मामले की जानकारी मिलते ही चुनाव आयोग ने तुरंत कार्रवाई की। आयोग ने बूथ के प्रिसाइडिंग ऑफिसर समेत सभी मतदान कर्मियों को निलंबित कर दिया और पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही रिजर्व पोलिंग पार्टी को मतदान प्रक्रिया संभालने का निर्देश दिया गया है। इससे पूर्व भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने पिंगला थाने के ओसी को हटाने की मांग करते हुए चुनाव आयोग से शिकायत भी की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि पुलिस भाजपा एजेंटों को उठा रही है और पक्षपात कर रही है। इसके बाद यह घटना सामने आने से इलाके में और भी राजनीतिक हलचल बढ़ गई।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

