कोंडागांव, 23 अप्रैल (आरएनएस)। मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान ‘मावा बस्तर, मावा स्वास्थ्यÓ की प्रगति की समीक्षा कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना की अध्यक्षता में आज जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में की गई।
बैठक में कलेक्टर पन्ना ने घर-घर सर्वे कार्य को गंभीरता से करने तथा प्राप्त जानकारी को पोर्टल में शुद्ध रूप से अपलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रथम तिमाही में ही गर्भवती माताओं का पंजीयन सुनिश्चित करने से ही अपेक्षित डिलीवरी तिथि का सही आकलन संभव होगा और शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव का लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि होम डिलीवरी को पूर्णत: रोकते हुए संस्थागत प्रसव को बढ़ावा दिया जाए तथा जच्चा-बच्चा दोनों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए प्रभावी प्रयास करने को कहा। उन्होंने टीकाकरण से संबंधित सभी जानकारी यू-विन पोर्टल में दर्ज करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में टीबी मरीजों के उपचार के निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने तथा संबंधित जानकारी पोर्टल में समय-सीमा के भीतर दर्ज करने पर जोर दिया गया। इसके अलावा कुष्ठ (लेप्रोसी) मरीजों को समय पर रेफर करने एवं सभी रेफरल मरीजों का नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
समीक्षा बैठक में अपर कलेक्टर चित्रकांत चाली ठाकुर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक भावना महलवार, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर, विकासखण्ड कार्यक्रम प्रबंधक, बीईटीओ, सेक्टर प्रभारी, सेक्टर सुपरवाइजर सहित सभी संबंधित अधिकारी एवं कंसल्टेंट उपस्थित थे।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

