अयोध्या 23 अप्रैल (आरएनएस)। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के व्यवसाय प्रबंध एवं उद्यमिता विभाग में आयोजित डेस्कटॉप पब्लिशिंग (डीटीपी) कार्यशाला का चौथे दिन अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक रहा। इस अवसर पर बीसीए के विद्यार्थियों ने सहभागिता कर प्रशिक्षण सत्र में हिस्सा लिया। कार्यशाला में विशेषज्ञ प्रशिक्षक यश साहू, सतयुग प्राइवेट लिमिटेड द्वारा फोटोशॉप के उन्नत फीचर्स पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने इमेज एडिटिंग, लेयर मैनेजमेंट, कलर करेक्शन, टेक्स्ट इफेक्ट्स तथा विभिन्न डिजाइनिंग टूल्स के व्यावहारिक उपयोग को सरल और प्रभावी ढंग से प्रशिक्षित किया।प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को लाइव डेमो के माध्यम से पोस्टर, बैनर एवं क्रिएटिव डिज़ाइन तैयार करने की तकनीकें सिखाई गईं। इसके साथ ही, प्रशिक्षक ने डिजिटल मीडिया, विज्ञापन एवं प्रकाशन के क्षेत्र में डीटीपी और फोटोशॉप के बढ़ते महत्व पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। उन्होंने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे और व्यावहारिक अभ्यास के माध्यम से अपनी रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया। विभाग के शिक्षकगण भी उपस्थित रहे और उन्होंने विद्यार्थियों को ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से अपने कौशल को विकसित करने के लिए प्रेरित किया। कार्यशाला का यह चरण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुआ, जिससे उनके तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ रचनात्मक सोच में भी वृद्धि हुई। अंत में सभी प्रतिभागियों ने इस सार्थक एवं ज्ञानवर्धक प्रशिक्षण के लिए आयोजकों एवं प्रशिक्षक के प्रति आभार व्यक्त किया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

