भोपाल 23 अप्रैल (आरएनएस)। गंगा सप्तमी के अवसर पर भोपाल में गुरुवार को जल संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया गया। अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में निर्मल गंगा जन अभियान (भागीरथी जलाभिषेक) के तहत खटलापुरा घाट और छोटा तालाब परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सुबह 8 से 9:30 बजे तक चले इस आयोजन में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए जिला, तहसील, नवचेतना केंद्र, महिला मंडल, युवा मंडल और प्रज्ञा मंडल के परिजनों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। कार्यक्रम की शुरुआत मां गंगा के कलश पूजन और वैदिक विधि-विधान से हुई, जिसके बाद घाट और तालाब क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान जल शुद्धि और तट शुद्धि पर विशेष जोर दिया गया। प्रतिभागियों ने न सिर्फ घाट परिसर की सफाई की, बल्कि लोगों को जल स्रोतों को स्वच्छ रखने और पानी के विवेकपूर्ण उपयोग के लिए प्रेरित भी किया। कार्यक्रम का एक भावनात्मक पहलू भी सामने आया, जब गायत्री परिवार ने स्वच्छता कर्मियों का सम्मान कर उनके योगदान को सराहा।
जिला जल एवं पर्यावरण अभियान सदस्य राम प्रकाश गुप्ता ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य केवल प्रतीकात्मक कार्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में जल संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देना है। उन्होंने कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण, स्वच्छता बनाए रखना और जल के महत्व को समझाना आज की सबसे बड़ी जरूरत है। गंगा सप्तमी के इस अवसर पर लिया गया संकल्प यह संकेत देता है कि यदि समाज सामूहिक रूप से आगे आए, तो जल संकट जैसी चुनौती से निपटना संभव है।

