रीवा 23 अप्रैल (आरएनएस)।रीवा के एक होटल में गुरुवार शाम प्रेमी जोड़े के शव मिले हैं। पुलिस ने शुरुआती जांच में जहर खाकर आत्महत्या की आशंका जताई है। दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे और लंबे समय से रिश्ते में थे। युवती घर से खरीदारी करने का कहकर निकली थी, जिसके बाद वह प्रेमी के साथ होटल पहुंची। पुलिस पूरे घटनाक्रम की कडिय़ां जोडऩे में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों की पहचान रवि साकेत (25) और काजल उर्फ बिट्टी साकेत (21) के रूप में हुई है। दोनों एक ही गांव के थे। उनके बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। परिजन ने बताया कि काजल घर से खरीदारी करने का कहकर निकली थी।
जानकारी के अनुसार, दोनों बुधवार दोपहर साथ निकले थे। उनके साथ अतुल साकेत नाम का एक युवक भी था, जो उन्हें होटल में छोड़कर लौट गया।
युवक के परिजन प्रमोद साकेत के मुताबिक, होटल के कमरे में देर रात शराब पार्टी हुई थी। कमरे से तंदूरी रोटी, बियर और शराब की बोतलें मिली हैं। साथ ही जहरीला पदार्थ भी बरामद हुआ, जिससे आत्महत्या की आशंका है।
होटल अम्पायर के कमरे का दरवाजा लंबे समय तक नहीं खुला तो स्टाफ को संदेह हुआ। उन्होंने पुलिस को सूचना दी गई। समान थाना पुलिस दरवाजा तुड़वाकर कमरे में पहुंची तो दोनों मृत मिले।
थाना प्रभारी के अनुसार, दोनों प्रेमी युगल थे। पुलिस ने दोनों शवों को संजय गांधी स्मृति अस्पताल भेज दिया है। प्रथम दृष्टया जहर सेवन से मौत की आशंका है। हालांकि, वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा।

