बड़वानी 23 अप्रैल (आरएनएस)। जिले के पानसेमल थाना क्षेत्र के ग्राम मेंद्राणा में बुधवार की रात अंबालाल चौधरी के घर से लगभग 32 तोला सोना (44.8 लाख) और 10,000 रुपए नकद चोरी हो गए। अज्ञात चोरों ने रात में इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
अंबालाल चौधरी ने बताया कि वे रात को बरामदे में सो रहे थे। सुबह उठने पर उन्होंने देखा कि घर के पूर्वी दिशा के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखने पर अलमारी का लॉक भी टूटा मिला और सारा सामान बिखरा हुआ था।
चौधरी के अनुसार, अलमारी में रखे एक बैग से 32 तोला सोना और 10,000 रुपए नकद गायब थे। उन्होंने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मौका पंचनामा बनाया। जांच के लिए खरगोन से फिंगरप्रिंट टीम और डॉग स्क्वॉड टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने मौके पर गहनता से पड़ताल की।
अंबालाल चौधरी के पुत्र प्रशांत चौधरी ने बताया कि इस चोरी से उन्हें भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से चोरों को पकड़कर उनकी जमा पूंजी वापस दिलाने में सहयोग का आग्रह किया है।
पानसेमल थाना के उप निरीक्षक एसके रघुवंशी ने बताया कि घटनास्थल का मुआयना किया गया है। घर मालिक के बयान के मुताबिक, सोना और 10,000 रुपए नकद चोरी हुए हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि विशेषज्ञ टीमें वैज्ञानिक तकनीकों का उपयोग कर चोरों का पता लगा रही हैं और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

