जबलपुर 23 अप्रैल (आरएनएस)। नहर किनारे रील बना रहीं चार लड़कियां पैर फिसलने से तेज बहाव में बह गईं। एक लड़की तैरकर बाहर निकल आईं। जबकि तीन डूब गईं। दो लड़कियों के शव घटनास्थल से करीब 1 किमी दूर मिले हैं। एक अब भी लापता है।
घटना बरगी थाना क्षेत्र के सालीबाड़ा गांव में गुरुवार सुबह की है। घटना के वक्त वहां मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि लड़कियां हाथ से छूटकर निकल गईं।
एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया- सभी लड़कियां एक ही परिवार से हैं। गांव में शादी समारोह में शामिल होने आई थीं। गुरुवार सुबह 5 लड़कियां शीतल पटेल (16), सानिया पटेल (14), तनु पटेल (14), निहारिका पटेल और सृष्टि पटेल नहर पर नहाने गई थीं। इसी दौरान सृष्टि को छोड़कर बाकी लड़कियां किनारे पर मोबाइल से वीडियो बना रही थीं, तभी हादसा हो गया।
तेज बहाव में दोस्तों को बहता देख किनारे पर मौजूद सृष्टि ने नहर में छलांग लगा दी। उसने निहारिका पटेल को किसी तरह बाहर निकाल लिया। दूसरी सहेलियों को बचाने की कोशिश भी की, लेकिन सफल नहीं हो सकी।
पुलिस और एसडीआरएफ की टीम सुबह से सर्चिंग ऑपरेशन चला रही थी। 4 घंटे बाद शीतल पटेल (16) और सानिया पटेल (14) के शव बरामद हुए। वहीं तनु पटेल (14) की तलाश अब भी जारी है।

