रायगढ़, 24 अप्रैल (आरएनएस)। जिले के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज में इंटर्नशिप कर रहे दो डॉक्टरों पर मारपीट और लूटपाट का गंभीर आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि, मॉर्निंग वॉक के लिए निकले युवक के साथ नशे की हालत में दोनों इंटर्न डॉक्टरों ने मारपीट की और उसके पास से चांदी की चेन व नकदी लूट ली। मिली जानकारी के अनुसार, पीडि़त सुदर्शन पांडे शुक्रवार की सुबह करीब 4 बजे अपने दोस्तों के साथ मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान डिग्री कॉलेज के पास मेडिकल कॉलेज में इंटर्नशिप कर रहे देवेन्द्र चौरसिया और अनिल मीणा से उनका सामना हुआ। आरोप है कि, दोनों इंटर्न डॉक्टर नशे की हालत में थे और उन्होंने बिना किसी कारण सुदर्शन पांडे के साथ विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि, दोनों ने सुदर्शन पांडे के साथ जमकर मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। इतना ही नहीं, उनके गले से चांदी की चेन और लगभग 4,500 रुपये नकद भी लूट लिए गए। घटना के बाद पीडि़त ने मामले की शिकायत चक्रधर नगर थाना में दर्ज कराई है। फिलहाल, मामले की जांच में पुलिस जुट गई है।
बंछोर
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

