दक्षिण दिनाजपुर 24 April, (Rns): पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दौरान हिंसक घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। मुर्शिदाबाद के बाद अब दक्षिण दिनाजपुर जिले के कुमारगंज से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां सरेआम भीड़ ने बीजेपी उम्मीदवार शुभेंदु सरकार पर हमला कर दिया। हालात इतने बेकाबू हो गए कि प्रत्याशी को अपनी जान बचाने के लिए मौके से भागना पड़ा। इस पूरी घटना का रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक पुलिसकर्मी बीजेपी नेता को बचाकर निकालता दिख रहा है, लेकिन भीड़ पुलिस की मौजूदगी में ही प्रत्याशी पर मुक्के और थप्पड़ बरसाती नजर आ रही है।
पोलिंग एजेंटों को जबरन बाहर निकालने पर हुआ बवाल
बीजेपी उम्मीदवार शुभेंदु सरकार ने इस हमले का सीधा आरोप टीएमसी (TMC) कार्यकर्ताओं पर लगाया है। घटना की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि कुमारगंज विधानसभा क्षेत्र के करीब 8-10 पोलिंग स्टेशनों से बीजेपी के पोलिंग एजेंटों को जबरन बाहर निकाल दिया गया था। जब उन्हें इस बात की सूचना मिली तो वह खुद मौके पर पहुंचे और दखल देकर अपने एजेंटों को वापस पोलिंग स्टेशन के अंदर भिजवाया। शुभेंदु सरकार का आरोप है कि जब वह वहां गए तो इसी बात से बौखलाए टीएमसी कार्यकर्ताओं ने उन पर अचानक धावा बोल दिया।
गाड़ी में तोड़फोड़ और चुनाव आयोग की सख्त कार्रवाई
इस खौफनाक हमले में बीजेपी उम्मीदवार को चोटें आई हैं और उपद्रवियों ने उनकी गाड़ी में भी जमकर तोड़फोड़ की है। पुलिस और सुरक्षाकर्मियों को प्रत्याशी की जान बचाने के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं, इस गंभीर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद चुनाव आयोग ने भी कड़ा रुख अपनाया है। आयोग ने वीडियो फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर उन्हें तुरंत गिरफ्तार करने के सख्त निर्देश जारी किए हैं। इसके साथ ही, चुनाव आयोग ने स्थानीय प्रशासन से इस पूरी घटना की विस्तृत रिपोर्ट भी तलब की है।

