• सिंगापुर के भौगोलिक स्वरूप 744 वर्ग किमी के मुकाबले सोनपुर को 680 वर्ग किलोमीटर में विकसित करने का लक्ष्य।
• सिंगापुर जैसी समुद्री तटरेखा की तर्ज पर, सोनपुर में गंगा और गंडक के विशाल तटों पर विकसित होगा अत्याधुनिक शहर।
• सांसद रूडी पिछले 5 वर्षों से तैयार कर रहे हैं विश्व-स्तरीय मास्टर प्लान और नक्शा।
• सोनपुर में नए हवाई अड्डे का निर्माण और पटना मरीन ड्राइव की तर्ज पर सोनपुर-आमी गंगा पथ का भी निर्माण
• रायपुर, ढोलेरा, न्यू चंडीगढ़ और अमरावती से भी विशाल होगा नया शहर।
सोनपुर, 24 अप्रैल (आरएनएस) । सारण के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी की एक महात्वाकांक्षी परिकल्पना अब धरातल पर उतरने के लिए तैयार है। सांसद रूडी ने सोनपुर को विश्व के सबसे आधुनिक शहर सिंगापुर की तर्ज पर विकसित करने का रोडमैप तैयार किया है। इस परियोजना को हरिहरनाथपुरम नाम दिया गया है, जो न केवल बिहार बल्कि देश के सबसे व्यवस्थित सैटेलाइट शहरों में से एक होगा। सांसद रूडी ने इस प्रोजेक्ट के पीछे के तर्क को स्पष्ट करते हुए कहा कि जहाँ सिंगापुर का क्षेत्रफल लगभग 733 से 744 वर्ग किलोमीटर है, वहीं सोनपुर का विस्तार अब 680 वर्ग किलोमीटर के दायरे में किया जा रहा है। जिस प्रकार सिंगापुर अपनी समुद्री तटरेखा के कारण वैश्विक आकर्षण का केंद्र है, उसी प्रकार सोनपुर गंगा और गंडक जैसी दो विशाल नदियों के तट पर स्थित है। भौगोलिक रूप से यह समानता इसे एक पर्यटन और व्यापारिक हब बनाने के लिए सर्वोत्तम बनाती है। इस मास्टर प्लान पर सांसद पिछले 5 वर्षों से निरंतर विशेषज्ञों की टीम के साथ काम कर रहे हैं। मालूम हो कि पहले ही सोनपुर में एक आधुनिक हवाई अड्डे के निर्माण स्वीकृत है, जिससे सारण सीधे वैश्विक हवाई नेटवर्क से जुड़ जाएगा। इसके अतिरिक्त, पटना के गंगा पथ की तर्ज पर सोनपुर-आमी गंगा पथ के निर्माण की योजना है, जो क्षेत्र की यातायात व्यवस्था और सुंदरता को नया आयाम देगी। सांसद रूडी का दावा है कि हरिहरनाथपुरम का आकार और सुविधाएं देश के प्रसिद्ध नए विकसित शहरों जैसे रायपुर, ढोलेरा, न्यू चंडीगढ़ और अमरावती से भी कहीं अधिक व्यापक होंगी। यह प्रोजेक्ट न केवल शहरीकरण को बढ़ावा देगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और निवेश की अपार संभावनाएं पैदा करेगा। यह परियोजना सोनपुर की धार्मिक और ऐतिहासिक पहचान को बरकरार रखते हुए उसे एक स्मार्ट और ग्लोबल सिटी में तब्दील करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

