हावड़ा 24 अप्रैल (आरएनएस) जिले के बाली इलाके में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक होम्योपैथी चिकित्सक की उनके ही घर में कथित रूप से उनकी परिचारिका द्वारा हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपित परिचारिका ने स्वयं थाने जाकर आत्मसमर्पण कर दिया। मृतक की पहचान रामकृष्ण चालकी के रूप में हुई है, जो बाली के जीटी रोड के पास एक बहुमंजिला आवास में रहते थे। मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम उन्हें धारदार हथियार (कटारी) से हमला कर मौत के घाट उतार दिया गया। पुलिस के मुताबिक, घटना के तुरंत बाद आरोपित परिचारिका बाली थाने पहुंची और आत्मसमर्पण करते हुए पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपित को हावड़ा अदालत में पेश किया गया। अदालत परिसर से बाहर ले जाते समय मीडिया के सवालों पर आरोपित ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और शांत बनी रही। परिवार की ओर से इस घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मृतक के बड़े भाई ने बताया कि उनका परिवार डानकुनी में रहता है, जबकि रामकृष्ण चालकी अपने बेटे के साथ बाली में रहते थे। उनकी पत्नी उनके साथ नहीं रहती थीं। पिछले डेढ़ साल से वही परिचारिका उनके घर में काम कर रही थी। मृतक के भाई ने यह भी आरोप लगाया कि परिचारिका लंबे समय से उनके भाई को ब्लैकमेल कर रही थी। घटना के पीछे के कारणों को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। फिलहाल, हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

