लखनऊ ,25 अपै्रल (आरएनएस)। थाना मलिहाबाद क्षेत्र के कस्बा मलिहाबाद स्थित मोहन रोड पर स्थापित “महाराजा मलिहा पासी स्वागत द्वार” को अज्ञात/नामजद व्यक्तियों द्वारा रात के अंधेरे में क्रेन और हाइड्रा मशीन की सहायता से अवैध रूप से काटकर हटाए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना को लेकर थाना मलिहाबाद में मु0अ0सं0-83/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।पुलिस के अनुसार 22 अप्रैल 2026 की रात्रि लगभग 03:14 बजे कुछ व्यक्तियों ने योजनाबद्ध तरीके से क्रेन/हाइड्रा मशीन का उपयोग करते हुए मोहन रोड पर स्थापित ‘महाराजा मलिहा पासी स्वागत द्वारÓ को काटकर गिराया और बाद में उसे पिकअप/डीसीएम वाहन में लादकर मौके से हटाया। यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। फुटेज में स्पष्ट रूप से मशीनों की मदद से द्वार को काटते और वाहन में लादकर ले जाते हुए कुछ लोगों की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना मलिहाबाद पर धारा 303(2) बीएनएस तथा धारा 2/3 सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया। इसके बाद पुलिस टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेज का गहन परीक्षण किया जा रहा है और घटना में शामिल व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया जा रहा है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह प्रतीत होता है कि घटना को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया, क्योंकि इसमें भारी मशीनरी और वाहन का उपयोग किया गया। ऐसे में पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना के पीछे किन लोगों की संलिप्तता रही और इसका उद्देश्य क्या था। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है, ताकि दोषियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जा सके।पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि घटना के बावजूद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने से बचने की अपील की गई है। अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही आरोपियों की पहचान सुनिश्चित होगी, उनके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

