ऋषिकेश,25 अपै्रल (आरएनएस)। देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर संचालित प्रीपेड टैक्सी चालकों ने एयरपोर्ट पर ओला-उबर संचालन को लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा को ज्ञापन सौंप कर ओला-उबर काउंटर हटाने की मांग की है। शनिवार को थानो क्षेत्र स्थित लेखक गांव में प्रीपेड टैक्सी चालकों ने परिवहन मंत्री को ज्ञापन सौंपा। टैक्सी यूनियन अध्यक्ष संजय सिंधवाल ने कहा कि ओला-उबर काउंटरों के कारण स्थानीय प्रीपेड टैक्सी चालकों की आजीविका पर सीधा असर पड़ रहा है, जबकि वे लंबे समय से एयरपोर्ट पर नियमों के तहत सेवा दे रहे हैं। कहा कि प्रीपेड टैक्सी व्यवस्था यात्रियों को सुरक्षित और पारदर्शी सेवा देती है, उन्होंने मांग की कि एयरपोर्ट परिसर में सभी सेवाओं के लिए समान नियम लागू हों और स्थानीय चालकों के हितों की रक्षा की जाए। सभासद ईश्वर रोथान ने कहा कि यह मुद्दा केवल चालकों की रोज़ी-रोटी का नहीं, बल्कि स्थानीय रोजगार और व्यवस्था का भी है। उन्होंने एयरपोर्ट परिसर में निजी ऐप आधारित टैक्सी सेवाओं (ओला-उबर) के काउंटर हटाने, स्थानीय प्रीपेड टैक्सियों को प्राथमिकता देने और नियमों के समान अनुपालन की मांग उठाई। मौके पर मौजूद पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने चालकों की मांग को जायज बताते हुए कहा कि स्थानीय लोगों के रोजगार की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए और एयरपोर्ट जैसी सार्वजनिक जगहों पर नियमों की समानता जरूरी है। परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने ज्ञापन प्राप्त करते हुए आश्वासन दिया कि प्रीपेड टैक्सी चालकों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। कहा कि विभागीय स्तर पर एयरपोर्ट प्रशासन से समन्वय कर नियमों की समीक्षा की जाएगी और जो भी निर्णय होगा, वह सभी हितधारकों के हित में लिया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

