रांची 26 अप्रैल (आरएनएस)। विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर नामकुम स्थित ईएसआईसी अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कम्युनिटी मेडिसिन के विशेषज्ञ डॉ मयंक कुमार और डॉ कश्मीरा जिलानी ने मरीजों के बीच मलेरिया से बचाव, लक्षण और उपचार को लेकर विस्तृत जानकारी दी। डॉ मयंक कुमार ने बताया कि मलेरिया मादा एनोफिलिस मच्छर के काटने से होता है। उन्होंने इसके प्रमुख लक्षणों जैसे तेज बुखार, ठंड लगना, सिरदर्द और कमजोरी के बारे में जानकारी देते हुए समय पर इलाज कराने की सलाह दी। वहीं डॉ कश्मीरा जिलानी ने कहा कि यदि मलेरिया का समय पर इलाज नहीं किया जाए तो यह गंभीर और जानलेवा साबित हो सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए आसपास स्वच्छता बनाए रखें, पानी जमा न होने दें और सरकार द्वारा वितरित मच्छरदानियों का नियमित उपयोग करें। साथ ही कीटनाशकों का छिड़काव भी आवश्यक बताया गया। डॉक्टरों ने यह भी सलाह दी कि बुखार होने पर गीले कपड़े से शरीर को पोंछें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और बिना डॉक्टर की सलाह के दवा न लें। इस मौके पर डॉ शर्मा, डॉ मनीष, डॉ शकील, डॉ अभिषेक, डॉ सुरेंद्र समेत अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

