पन्ना 26 अप्रैल (आरएनएस)।दक्षिण पन्ना वनमंडल ने पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीवों के आवास को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से अतिक्रमणकारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। प्रशिक्षु आईएफएस और प्रभारी परिक्षेत्र अधिकारी पंकज चौधरी के नेतृत्व में वन विभाग ने रविवार, 26 अप्रैल को मोहंद्रा वन परिक्षेत्र की अम्हा बीट में लगभग 1.5 हेक्टेयर वन भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया।
वनमंडलाधिकारी (डीएफओ) अनुपम शर्मा ने बताया कि इस क्षेत्र में लंबे समय से अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं। विभाग द्वारा कराए गए विस्तृत सर्वेक्षण में अतिक्रमण की पुष्टि होने के बाद टीम मौके पर पहुंची। जब अतिक्रमणकारी जमीन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका, तो विभाग ने तत्काल कार्रवाई कर भूमि को अपने नियंत्रण में ले लिया।
यह कार्रवाई केवल कब्जा हटाने तक सीमित नहीं रही। भविष्य में दोबारा घुसपैठ रोकने के लिए वन विभाग ने वन सीमा पर गहरी खाई (ट्रेंच) खोदने का कार्य भी शुरू कर दिया है। इसके साथ ही, संबंधित अतिक्रमणकारी के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम की धाराओं के तहत प्राथमिक वन अपराध रिपोर्ट (पीओआर) दर्ज कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की गई है।
इस अभियान में प्रशिक्षु आईएफएस पंकज चौधरी के साथ उप-परिक्षेत्राधिकारी नृपाल सिंह, देवी प्रसाद, प्रकाश गुप्ता, भानु प्रताप और वन रक्षक अरविंद विश्वकर्मा सहित पूरी टीम की अहम भूमिका रही। टीम में गोविंद प्रजापति, अजय प्रताप, जगदीश अहिरवार, संगीता अहिरवार, रश्मी अहिरवार, अभिनव पांडे, राम कृपाल, हरिशंकर अहिरवार, राजू अहिरवार, अजय सिंह, जयप्रकाश नारायण दुबे, प्रकाश प्रजापति, गौरव दीक्षित, राकेश यादव और राजबहादुर सिंह जैसे कर्मचारी शामिल थे।
डीएफओ अनुपम शर्मा ने स्पष्ट किया कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई एक संदेश है कि पर्यावरण और वन्यजीवों की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

