उज्जैन 26 अप्रैल (आरएनएस)। उज्जैन पुलिस ने जिले में अपराध नियंत्रण के लिए बड़ी कार्रवाई की है। एक ही रात में 600 से अधिक पुलिसकर्मियों के साथ मेगा कॉम्बिंग गश्त चलाई गई। इस दौरान 185 स्थायी वारंट और 110 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए, साथ ही 6 इनामी आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।
मुख्यमंत्री के गृहनगर उज्जैन में अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। 25 अप्रैल की रात 11 बजे से 26 अप्रैल की सुबह तक जिलेभर में मेगा कॉम्बिंग गश्त की गई, जिसमें फरार और सक्रिय अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा के नेतृत्व में 600 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान इस अभियान में शामिल हुए। शहर से लेकर ग्रामीण थाना क्षेत्रों तक एक साथ दबिश दी गई। वरिष्ठ अधिकारी स्वयं सड़कों पर उतरकर कार्रवाई की निगरानी कर रहे थे।
गश्त के दौरान 185 स्थायी वारंट और 110 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए। लंबे समय से फरार चल रहे 6 इनामी आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया। अभियान के तहत 320 निगरानी बदमाशों की घर-घर जाकर जांच की गई। साथ ही, 250 चिन्हित अपराधियों का भौतिक सत्यापन और 50 संपत्ति संबंधी अपराधियों की निगरानी भी की गई।
अवैध गतिविधियों पर नजर रखते हुए पुलिस ने आम्र्स एक्ट के तहत 3 मामले दर्ज किए, जिनमें आरोपी अवैध हथियारों के साथ पकड़े गए। इसके अतिरिक्त, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई।

