बालाघाट 26 अप्रैल (आरएनएस)। जिले में खनिज विभाग ने तिरोड़ी और कटंगी तहसील क्षेत्रों में सघन छापामार कार्रवाई की। इस दौरान खनिज गिट्टी का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर दो हाइवा डंपरों को जब्त किया गया। यह कार्रवाई रविवार को की गई।
कटंगी के बाईपास रोड पर की गई कार्रवाई में वाहन क्रमांक एमएच-40-सीडी-4193 को अवैध रूप से गिट्टी ढोते हुए पकड़ा गया। वाहन चालक सिवनी जिले के छपारा अंतर्गत अजनिया के चंडी निवासी मिथलेश उईके था। खनिज विभाग ने जब्त वाहन को कटंगी थाने में खड़ा कराया है।
इसी तरह, दूसरा गिट्टी से भरा वाहन क्रमांक यूपी-70-एचटी-4064 ग्राम तिरोड़ी क्षेत्र के कोसुंबा में अवैध गिट्टी परिवहन करते हुए पकड़ा गया। इस वाहन को सिवनी जिले के बरघाट थाना अंतर्गत बोरी निवासी चालक अजीजूर रहमान पुत्र अताऊर रहमान चला रहा था। जब्त दोनों वाहनों के विरुद्ध खनिज विभाग ने मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू की है।

