बामाको (माली),26 अपै्रल। पश्चिम अफ्रीकी देश माली की राजधानी बामाको और अन्य शहरों में शनिवार को बंदूकधारियों ने कई स्थानों पर हमले किए. रिपोर्ट के मुताबिक, देश भर में मिलिट्री ठिकानों पर हुए हमलों में माली के रक्षा मंत्री जनरल सादियो कैमारा मारे गए. रिपोर्ट के मुताबिक, ये सुनियोजित हमले अल-कायदा से जुड़े एक ग्रुप और तुआरेग विद्रोहियों ने मिलकर किए.
माली की सेना ने एक बयान में कहा, अज्ञात सशस्त्र आतंकवादी समूहों ने राजधानी में कुछ स्थानों और बैरकों को निशाना बनाया. सैनिक फिलहाल हमलावरों से निपटने में लगे हुए हैं. माली की राजधानी बामाको में स्थित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास शनिवार सुबह गोलीबारी की आवाज सुनी गई. बामाको में मध्य शहर से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित मोदिबो कीता इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लगातार गोलीबारी की आवाज सुनाई दी.
साथ ही एयरपोर्ट के आसपास एक हेलीकॉप्टर को गश्त करते देखा. यह एयरपोर्ट माली वायुसेना द्वारा उपयोग किए जाने वाले एक एयर बेस के पास स्थित है. एयरपोर्ट के पास रहने वाले एक निवासी ने इलाके में गोलियों की आवाज सुनाई देने की जानकारी दी. उसने बताया कि आसमान में तीन हेलीकॉप्टर भी गश्त करते दिखाई दे रहे हैं.
माली के अन्य शहरों के निवासियों ने भी शनिवार सुबह गोलीबारी और विस्फोटों की सूचना दी, जिससे सशस्त्र समूहों द्वारा समन्वित हमले की आशंका जताई गई. किदाल के पूर्व महापौर ने बताया कि बंदूकधारी शहर में घुस गए और कुछ इलाकों पर कब्जा कर लिया, जिसके कारण सेना के साथ उनकी मुठभेड़ हुई है.
उत्तरी माली में अलग अजावाद देश बनाने के लिए अजावाद अलगाववादी आंदोलन वर्षों से जारी है. ‘अजावाद लिबरेशन फ्रंट’ के प्रवक्ता मोहम्मद एलमाउलौद रमदाने ने सोशल मीडिया पर एक बयान में कहा कि उनके बलों ने पूर्वोत्तर शहर किदाल और गाओ के कई इलाकों पर नियंत्रण हासिल कर लिया है.
गाओ के एक निवासी ने बताया कि शनिवार सुबह काफी देर तक गोलीबारी और विस्फोट की आवाजें सुनी गईं.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

