कोरबा 27 अपै्रल (आरएनएस)। जिले में मजदूरों के शोषण का एक और मामला सामने आया है, जहां काम कराने के बाद भी मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया। मामला जनदर्शन में पहुंचा, जहां पीडि़त ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।
जनदर्शन में 30 मार्च 2026 को दिए गए आवेदन का अब तक निराकरण नहीं हुआ है। आवेदन के अनुसार, ग्राम सलिहाभाटा (तहसील दर्री) निवासी तीज राम यादव ने आरोप लगाया है कि उन्होंने ठेकेदार गोविंद सिंह कंवर के अधीन काम किया, लेकिन 26,130 रुपये की मजदूरी अब तक नहीं दी गई। पीडि़त के मुताबिक, वह करीब एक साल से कार्य कर रहा था और उसे प्रतिमाह भुगतान किया जाना था, लेकिन 27 जुलाई 2025 से लेकर मार्च 2026 तक कई अवधियों का पैसा रोक लिया गया।
आवेदन में बताया गया है कि जब भी मजदूरी मांगी जाती है, ठेकेदार द्वारा अभी पैसे नहीं हैं कहकर टाल दिया जाता है। लगातार चक्कर कटवाने के बावजूद भुगतान नहीं होने से मजदूर की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है। तीन महीने से ज्यादा समय तक वेतन नहीं मिलने के कारण पीडि़त ने बताया कि उसके परिवार की स्थिति दयनीय हो गई है। रोजमर्रा के खर्च चलाना भी मुश्किल हो गया है, जिससे मानसिक और आर्थिक दबाव लगातार बढ़ रहा है।
पीडि़त ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन देकर ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और बकाया राशि दिलाने की मांग की है। आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेज भी संलग्न किए गए हैं। यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि आखिर मजदूरों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए बने नियमों का पालन क्यों नहीं हो रहा। क्या प्रशासन ऐसे मामलों में सख्ती दिखाएगा या फिर मजदूरों को यूं ही दर-दर भटकना पड़ेगा?
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

