लखनऊ 27 अप्रैल (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल 28 अप्रैल 2026 को पुन: जनपद गाजीपुर जाएगा। प्रतिनिधिमंडल सदर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कटरिया, थाना करंडा निवासी सियाराम विश्वकर्मा की नाबालिग पुत्री के साथ हुई जघन्य घटना की जानकारी लेने तथा शोकाकुल परिवार से मिलने के लिए गांव पहुंचेगा।बताया गया है कि दबंगों द्वारा नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर शव को गंगा नदी में फेंक दिया गया था। इस दर्दनाक घटना के बाद समाजवादी प्रतिनिधिमंडल ग्राम कटरिया पहुंचकर पीडि़त परिवार से पूर्वाह्न 09:00 बजे मुलाकात करेगा और उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान करेगा। कुल 5 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी, जिसमें 2 लाख रुपये विश्वकर्मा समाज की ओर से तथा 3 लाख रुपये समाजवादी पार्टी की ओर से दिए जाएंगे।प्रतिनिधिमंडल में रामआसरे विश्वकर्मा (राष्ट्रीय सचिव, समाजवादी पार्टी एवं पूर्व मंत्री), जयकिशन साहू (विधायक), सीमा राजभर (राष्ट्रीय अध्यक्ष, समाजवादी महिला सभा) तथा रीता विश्वकर्मा (समाजवादी पार्टी नेता) शामिल रहेंगे। प्रतिनिधिमंडल पीडि़त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करेगा और न्याय दिलाने के लिए पार्टी की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा देगा।उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व अखिलेश यादव के निर्देश पर पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा के नेतृत्व में समाजवादी प्रतिनिधिमंडल 22 अप्रैल 2026 को भी गाजीपुर के कटरिया गांव में 16 वर्षीय किशोरी की निर्मम हत्या के मामले में पीडि़त परिवार से मिलने जा रहा था। उस दौरान प्रतिनिधिमंडल पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा पत्थरबाजी की गई थी, जिसमें कई नेता और कार्यकर्ता घायल हो गए थे।घटना में घायल हुए नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बाद में लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में अखिलेश यादव से भेंट कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। घायलों में रामआसरे विश्वकर्मा (पूर्व मंत्री एवं पूर्व एमएलसी), गोपाल यादव (जिलाध्यक्ष गाजीपुर), वीरेन्द्र यादव (विधायक जंगीपुर), जयकिशन साहू (विधायक सदर गाजीपुर), शशिकांत विश्वकर्मा (सपा नेता एवं जिलाध्यक्ष विश्वकर्मा सभा), बिन्दू बाला बिन्द (प्रदेश सचिव पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ), विभा पाल (जिलाध्यक्ष महिला सभा), रीना यादव (जिला महासचिव महिला सभा), रीता विश्वकर्मा (राष्ट्रीय सचिव महिला सभा), शिशु यादव (ब्लॉक अध्यक्ष करंडा), पांचू यादव (जिला पंचायत सदस्य), पंकज यादव (जिला पंचायत सदस्य), आमिर अली (जिला उपाध्यक्ष), हरिकेश यादव (सेक्टर प्रभारी) तथा अभिषेक यादव विक्की सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
समाजवादी पार्टी ने इस घटना को अत्यंत गंभीर बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई है तथा पीडि़त परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

