पीएम ने कहा-उद्योग के लिए ख्यात बैरकपुर धमाकों के लिए जाना जा रहा है
नकुल कुमार मंडल
बैरकपुर/कोलकाता 27 अप्रैल (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से पहले आज दोपहर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जहां एक सभा से सत्तारुढ़ तृणमूल सरकार की मौखिक तौर पर धज्जियां उड़ा दी तो वहीं कहा कि कभी देश भर से लोग इस बैरकपुर अंचल में काम धंधों के लिए आते थे। लेकिन आज यह बम धमाकों के लिए जाना जा रहा है। यहां उद्योग धंधों की जो हालात है वह चिंता की बात है। आपलोग भाजपा की सरकार बनाएं हम वंदे मातरम को बंगाल के नव निर्माण का मंत्र बनाएंगे। पीएम मोदी ने मतदाताओं से जोरदार अपील की। उन्होंने आश्वासन दिया कि भाजपा सरकार के तहत, “किसी भी धर्म के किसी भी भारतीय नागरिक को किसी भी समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा,” साथ ही उन्होंने घुसपैठियों को बख्शने से इनकार करते हुए चेतावनी दी। मतुआ और नामोसुद्र सहित विभिन्न समुदायों के मतदाताओं को संबोधित करते हुए, उन्होंने नागरिकता अधिकार, दस्तावेज और सभी सुविधाओं का वादा किया, इसे “मोदी की गारंटी” बताते हुए मतदाताओं से कमल के चिन्ह का समर्थन करके “हर बूथ से तृणमूल को मिटाने” का आग्रह किया। प्रधानमंत्री ने सत्ताधारी दल पर तीखा हमला बोलते हुए उस पर भ्रष्टाचार, हिंसा, भय और गिरोहों के नियंत्रण का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों को निजी या व्यावसायिक निर्णयों के लिए भी गिरोहों से अनुमति लेनी पड़ती है और इस स्थिति को “जंगल राज” बताया। उन्होंने तृणमूल नेताओं की रिपोर्ट कार्ड की अनुपस्थिति पर सवाल उठाया और कहा कि पार्टी के पास बंगाल के भविष्य के लिए कोई योजना नहीं है। औद्योगिक गिरावट का जिक्र करते हुए उन्होंने बैरकपुर क्षेत्र में जूट मिलों के बंद होने का उदाहरण दिया और कहा कि जो क्षेत्र कभी कारखानों के लिए प्रसिद्ध थे, अब वहां अशांति और बेरोजगारी फैली हुई है। पीएम मोदी ने अत्याधिक आत्मविस्वास से ओतप्रोत होते हुए भरोसा व्यक्त किया कि उन्हें 4 मई के बाद भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में फिर आने को मिलेगा। पीएम मोदी ने अंतिम रैली में भी टीएमसी को खूब टारगेट किया। पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल की सेवा करना, बंगाल को सुरक्षित करना, बंगाल के सामने उपस्थित एक विराट चुनौती से बंगाल को बचाना। उन्होंने कहा कि यह मेरे भाग्य में भी है और मेरा दायित्व भी है। इस दायित्व से मैं पीछे नहीं हटूंगा। पीएम मोदी ने ने कहा कि टीएमसी कोलकाता को लंदन बनाने का वादा किया था, लेकिन 15 साल में इन्होंने कोलकाता की पहचान ही बदल दी। यहां घुसपैठियों को बसा दिया। पीएम मोदी ने कहा कि मैं हर कोलकाता वासी से कहूंगा कि हमें मिलकर कोलकाता को कोलकाता ही बनाना है, उसकी पहचान बदले जाने से रोकना है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

