रायपुर,27 अप्रैल (आरएनएस)। नगर पालिक निगम रायपुर की विशेष सामान्य सभा में सोमवार को सियासी माहौल गरमा गया। महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर बुलाई गई इस बैठक में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने सत्ताधारी भाजपा पर तीखा हमला बोला और कई गंभीर सवाल उठाए।
सभा के दौरान भाजपा पार्षदों के काले कपड़े पहनकर आने पर सवाल उठाते हुए तिवारी ने कहा कि यह समझ से परे है कि यह कदम प्रस्ताव के समर्थन में है या विरोध में। उन्होंने भाजपा पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि जो दल पहले महिला आरक्षण का विरोध करता रहा, वह अब केवल राजनीतिक दिखावा कर रहा है।
महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर घेरा
नेता प्रतिपक्ष ने शहर की महिलाओं से जुड़े आर्थिक और सामाजिक मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना की राशि में असमानता और बुजुर्गों की पेंशन का महीनों से रुका होना हजारों परिवारों के लिए गंभीर संकट बन चुका है।
आकाश तिवारी ने सदन में भाजपा सरकार की नीतियों पर पांच प्रमुख बिंदुओं के जरिए हमला बोला—
महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर काले कपड़ों में उपस्थिति की मंशा स्पष्ट करने की मांग
महतारी वंदन योजना में अन्य राज्यों की तुलना में कम राशि देने पर सवाल
महिलाओं को संपत्ति कर में 25त्न छूट देने के वादे को पूरा न करने का आरोप
मोवा में तैयार स्वरोजगार केंद्र को शुरू न करने पर नाराजगी
बुजुर्ग और विधवा महिलाओं की 6 महीने से रुकी पेंशन पर जवाब मांगा
चर्चा से बचने का आरोप
तिवारी ने आरोप लगाया कि उन्होंने तात्यापारा चौड़ीकरण, शहर के जल संकट और वार्ड विकास जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की मांग की थी, लेकिन महापौर और सत्ता पक्ष इन विषयों पर चर्चा से बचते नजर आए।
विपक्ष ने दिखाई एकजुटता
सभा में उप नेता प्रतिपक्ष जय सत्यनारायण नायक सहित पार्षद संदीप साहू, अर्जुमन ढेबर, शेख मुशीर, दीपमनीराम साहू और रेनू जयंत साहू ने भी विपक्ष की ओर से अपनी बात रखते हुए सरकार की नीतियों का विरोध किया।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

