देहरादून,27 अपै्रल (आरएनएस)। सेलाकुई में हुए चर्चित एंजेल चकमा हत्याकांड के बाद खौफ में आकर छोटे भाई के पढ़ाई छोड़कर त्रिपुरा लौटने के मामले को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने आश्वस्त किया है कि दून पुलिस पीडि़त परिवार से संपर्क साधेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि देहरादून हमेशा से शिक्षा नगरी रहा है और यहां के माहौल को किसी भी सूरत में खराब नहीं होने दिया जाएगा। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने कहा कि एंजेल की हत्या के बाद उसके छोटे भाई माइक चकमा के खौफ में आकर यहां से पढ़ाई छोड़कर जाने का मामला सोमवार को उनके संज्ञान में आया। उन्होंने कहा कि पुलिस निश्चित तौर पर इस पर कार्रवाई करेगी और छात्र के परिजनों से बातचीत की जाएगी। एसएसपी ने भरोसा दिलाया कि पुलिस पीडि़त परिवार के मन से असुरक्षा का भाव निकालेगी ताकि छात्र बिना किसी डर के वापस देहरादून आकर अपनी शिक्षा पूरी कर सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि दून में शिक्षा के लिए एक बेहतर और सुरक्षित माहौल रहा है, जिसे अपराधियों के खौफ से खराब नहीं होने दिया जाएगा। सेलाकुई थाना क्षेत्र में त्रिपुरा निवासी छात्र एंजेल चकमा पर बीते दिसंबर महीने में चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात के वक्त उसका छोटा भाई भी चश्मदीद था। बड़े भाई की आंखों के सामने हुई हत्या से वह इस कदर सहम गया कि उसने देहरादून में आगे की पढ़ाई करने से इनकार कर दिया और अपना करियर बीच में ही छोड़कर वापस घर लौट गया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

