कांकेर 28 अप्रैल (आरएनएस) उजियारा अभियान के तहत कांकेर पुलिस ने नशे के बड़े नेटवर्क पर ऐसा वार किया कि हादसे से शुरू हुई कहानी सीधे गिरफ्तारी तक पहुंची, 11 अप्रैल 2026 को नरहरपुर थाना क्षेत्र में मुखबिर की सूचना मिली कि एक क्रेटा वाहन भारतमाला रोड से डिब्बीपानी की ओर भारी मात्रा में गांजा लेकर जा रहा है, पुलिस ने तुरंत घेराबंदी की, तभी चालक ने तेज रफ्तार में भागने की कोशिश की और ग्राम डिब्बीपानी के पास वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया,
मौके का फायदा उठाकर आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गए लेकिन यहीं से खेल पलट गया, जब पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो 3 बोरियों में भरे 13 पैकेटों से 67.380 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ जिसकी कीमत करीब ₹33.69 लाख आंकी गई, साथ ही लगभग ₹10 लाख कीमत की क्रेटा कार भी जब्त हुई और कुल ₹43.69 लाख का माल पुलिस के कब्जे में आया, मामले में थाना नरहरपुर में अपराध क्रमांक 83/2026 दर्ज कर धारा 281 BNS और 20(B)(ii)(C) NDPS एक्ट के तहत जांच शुरू हुई, इसके बाद शुरू हुई फरार आरोपियों की तलाश, तकनीकी इनपुट और साइबर सेल की मदद से लोकेशन बदायूं उत्तर प्रदेश में मिली, फिर नरहरपुर थाना और साइबर सेल कांकेर की टीम ने यूपी पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों आरोपियों संजीव कुमार पिता रज्जन कुमार उम्र 30 वर्ष निवासी गिहार बस्ती मिरासराय बदायूं और अभिषेक साहू पिता ओमप्रकाश साहू उम्र 32 वर्ष निवासी शिवपुरम बदायूं को दबोच लिया, पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल किया, आरोपियों को गिरफ्तार कर नरहरपुर लाया गया और न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया, इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सोमेश सिंह बघेल, निरीक्षक यशवंत सिंह श्याम, उप निरीक्षक प्रेम शंकर ठाकुर सहित पुलिस और साइबर टीम की अहम भूमिका रही, पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और आम जनता से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना हेल्पलाइन 94791-55125 पर दें, क्योंकि एक छोटी सूचना बड़े अपराध का पर्दाफाश कर सकती है, फिलहाल इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि कांकेर में नशे का नेटवर्क अब पुलिस की पकड़ से दूर नहीं रहा।

