०भैरमगढ़ में प्रशासन का मेगा जागरूकता अभियान
बीजापुर,28 अप्रैल (आरएनएस)। जनगणना 2027 को सफल बनाने के लिए बीजापुर जिले के भैरमगढ़ ब्लॉक में प्रशासन ने जागरूकता अभियान को व्यापक और प्रभावशाली रूप दिया है। एसडीएम, तहसीलदार एवं नगरपालिका अधिकारी की उपस्थिति में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य जिले में शत-प्रतिशत जनगणना सुनिश्चित करना है।कला जत्थों और एलईडी वाहनों के माध्यम से भैरमगढ़ शहर के प्रमुख स्थलों पर जनगणना के महत्व को प्रभावी ढंग से समझाया जा रहा है। पारंपरिक लोकनृत्य, गीत और नाट्य प्रस्तुतियों के जरिए आमजन को रोचक शैली में यह बताया जा रहा है कि जनगणना में भागीदारी क्यों आवश्यक है।एलईडी वाहनों के जरिए चलाया जा रहा चलित प्रचार-प्रसार अभियान लोगों के बीच खासा आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इन वाहनों पर प्रदर्शित वीडियो, संदेश और जागरूकता क्लिप के माध्यम से जनगणना की प्रक्रिया, उसकी उपयोगिता और नागरिकों की भूमिका को विस्तार से समझाया जा रहा है।इसके साथ ही प्रशासन द्वारा स्कूलों, पंचायतों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जनगणना के आंकड़े ही भविष्य की योजनाओं और विकास कार्यों की आधारशिला होते हैं, इसलिए हर नागरिक की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।इस अवसर पर एसडीएम भैरमगढ़ विकास सर्वे ने उपस्थित जनसमूह से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक जनगणना कार्य में सक्रिय सहयोग दें और सही व पूर्ण जानकारी प्रदान कर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाएं।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

