सुल्तानपुर 28 अप्रैल (आरएनएस )। जिले में तैनात जिला पंचायत राज अधिकारी अभिषेक शुक्ला एक बार फिर विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। उन पर शासनादेश की खुलेआम अनदेखी करने के आरोप लग रहे हैं।
बताया जा रहा है कि उन्होंने अपने करीबी और पसंदीदा ग्राम पंचायत व ग्राम विकास अधिकारियों को नियमों के विरुद्ध एक से अधिक क्लस्टर आवंटित कर दिए हैं। जबकि शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि ग्राम विकास अधिकारियों और ग्राम पंचायत अधिकारियों के बीच क्लस्टर का समान वितरण किया जाए।
मामला केवल एक ब्लॉक तक सीमित नहीं है। भदैया ब्लॉक के कई पीडि़त अधिकारियों ने महीनों पहले ही जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी से इसकी शिकायत की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि जिले के लगभग सभी ब्लॉकों में इसी तरह से करीबी अधिकारियों को कई-कई क्लस्टर दिए गए हैं। इस बीच पूर्व जिलाधिकारी कुमार हर्ष का तबादला हो चुका है लेकिन मुख्य विकास अधिकारी द्वारा भी इस गंभीर मामले को नजरअंदाज किए जाने की चर्चा है। अब जिले में नवागत जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह से प्रभावित अधिकारियों और कर्मचारियों को न्याय की उम्मीद है। उनका मानना है कि नए डीएम इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करेंगे।
गौरतलब है कि डीपीआरओ अभिषेक शुक्ला पहले भी अपनी कार्यशैली को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं, जिससे यह मामला और भी चर्चा का विषय बन गया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

