-यातायात व्यवस्था में कप्तान मैडम का नया रोड मैप, छुड़ा रहा पसीने
-गायब हुई आराम तलबी तो पनपने लगा असंतोष
सुल्तानपुर 28 अप्रैल (आरएनएस )। शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव की कोशिशें अब विभाग के भीतर ही खींचतान का कारण बनती दिख रही हैं। करीब 22 महीने से ट्रैफिक इंस्पेक्टर की जिम्मेदारी संभाल रहे निरीक्षक राम निरंजन यादव, जो कभी अपने सहयोगियों के बीच एक सक्षम नेतृत्वकर्ता के रूप में जाने जाते थे, अब अचानक विवादों के केंद्र में आ गए हैं।
बताया जा रहा है कि हाल ही में पुलिस कप्तान द्वारा शहर के भीतर यातायात सुधार के लिए नया डायवर्जन और रोड मैप लागू किया गया है। इस नई व्यवस्था ने जहां ट्रैफिक को सुचारू करने की कोशिश की है, वहीं ड्यूटी में लगे पीआरडी और होमगार्ड जवानों की जिम्मेदारियां भी बढ़ा दी हैं। बढ़ते कार्यभार और सख्त निगरानी के चलते कुछ कर्मियों में असंतोष पनपने लगा है।
सूत्रों की मानें तो इसी असंतोष के बीच ट्रैफिक इंस्पेक्टर पर अभद्र भाषा के इस्तेमाल के आरोप लगाए गए हैं। जिन जवानों के साथ कभी उनका तालमेल बेहतर माना जाता था, वही अब उनके खिलाफ शिकायत लेकर सामने आए हैं। इस पूरे मामले की जांच सीओ सिटी सौरभ सामंत को सौंपी गई है।
हालांकि, विभागीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि सख्ती और अनुशासन लागू करने की कोशिशें अक्सर विरोध को जन्म देती हैं। कप्तान की नई कार्यशैली का असर सिविल और ट्रैफिक पुलिस दोनों में साफ नजर आ रहा है, जहां कामकाज की गति तो बढ़ी है, लेकिन उसके साथ तनाव भी उभरकर सामने आ रहा है। शायद यही वजह है कि ख़ासकर ट्रैफिक ड्यूटी में लगे आराम तलब कर्मियों को कप्तान मैडम का यह फरमान भारी पड़ रहा है। फिलहाल हो चाहे जो अब सबकी निगाहें जांच के निष्कर्ष पर टिकी हैं, जो यह तय करेगा कि मामला अनुशासन का है या फिर आपसी तालमेल की कमी का।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

