लखनऊ 28 अप्रैल (आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि गाजीपुर के पीडि़त परिवार की सहायता के लिए पूरे पीडीए समाज द्वारा एक समुदाय के रूप में पांच लाख रुपये एकत्र कर सहायता प्रदान करना पीडीए की एकता और सामाजिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में दी गई यह मदद पीडि़त परिवार का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें यह विश्वास भी दिलाएगी कि वर्चस्ववादी ताकतों के अत्याचार के खिलाफ पूरा पीडीए समाज एकजुट होकर संघर्ष कर रहा है और आगे भी करता रहेगा।अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए समाज के मान-सम्मान, समान अवसर, उचित स्थान और सर्वांगीण उत्थान के लिए समाजवादी पार्टी निरंतर संघर्ष करती रहेगी, चाहे इसमें वर्षों लगें या सदी का समय लगे। उन्होंने कहा कि पीड़ा ही वह सूत्र है, जिससे पूरा पीडीए समाज आपस में जुड़ा हुआ है और इसी एकजुटता के बल पर समाज अपने अधिकारों की रक्षा कर सकता है।उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर और पीडि़त वर्गों के साथ खड़ा रहना समाजवादी विचारधारा की मूल भावना है और हर अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना पार्टी की प्राथमिकता रही है। इस प्रकार की आर्थिक सहायता केवल आर्थिक सहयोग ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकजुटता और संवेदनशीलता का भी प्रतीक है, जो कठिन परिस्थितियों में पीडि़त परिवार को मानसिक संबल प्रदान करती है।उल्लेखनीय है कि अखिलेश यादव के निर्देश पर समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल पीडि़त परिवार से मिलने गाजीपुर पहुंचा था। इस प्रतिनिधिमंडल में पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा, समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर, विधायक जयकिशन साहू तथा रीता विश्वकर्मा शामिल रहीं। प्रतिनिधिमंडल ने पीडि़त परिवार से मुलाकात कर समाजवादी पार्टी की ओर से दो लाख रुपये तथा विश्वकर्मा समाज की ओर से तीन लाख रुपये, कुल पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
प्रतिनिधिमंडल ने पीडि़त परिवार को भरोसा दिलाया कि न्याय की लड़ाई में समाजवादी पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी और पीडि़त परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

