लखनऊ 28 अप्रैल (आरएनएस )। उत्तर प्रदेश को-ऑपरेटिव संघ के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी समर्थित उम्मीदवारों ने ऐतिहासिक विजय हासिल करते हुए सभापति, उपसभापति सहित सभी संचालक पदों पर निर्विरोध जीत दर्ज की है। इस उपलब्धि पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने नव निर्वाचित सभापति चौधरी शिवेन्द्र सिंह तथा उपसभापति ब्रज किशोर गुप्ता सहित सभी संचालकों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को-ऑपरेटिव संघ विकास, पारदर्शिता और जनसेवा के नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने निर्विरोध निर्वाचित संचालकों रामनिवास यादव, बालेन्द्र प्रताप सिंह, धनंजय कुमार सिंह, शिवदत्त नारायण सिंह, अभय सिंह, हरिओम मिश्रा, सुरेश गंगवार, जयवीर सिंह सिरोही, दिवाकर मिश्रा, शारदा चौधरी, आकांक्षा सोनकर तथा ऊर्षा मौर्या को भी विजय की बधाई दी।प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश को-ऑपरेटिव संघ के चुनाव में भाजपा समर्थित सभी उम्मीदवारों का निर्विरोध चयन इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश की सहकारिता व्यवस्था में भारतीय जनता पार्टी के प्रति व्यापक विश्वास और समर्थन है। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल संगठनात्मक सफलता नहीं, बल्कि सहकारिता के माध्यम से समावेशी विकास के प्रति जनता की आस्था का प्रतीक भी है।उन्होंने कहा कि सहकारिता क्षेत्र किसानों, छोटे व्यापारियों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सहकारिता क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भी सहकारिता संस्थाओं को पारदर्शी, जवाबदेह और जनोन्मुख बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।पंकज चौधरी ने विश्वास व्यक्त किया कि नव निर्वाचित सभापति और उनकी टीम प्रदेश की सहकारिता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी तथा किसानों और आमजन के हितों को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य सहकारिता के माध्यम से आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था का निर्माण करना है और यह जीत उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से अपेक्षा की कि वे सहकारिता की भावना को सशक्त करते हुए प्रदेश के विकास में सक्रिय योगदान देंगे तथा आमजन के हितों की रक्षा करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने भी इस जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता पार्टी कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत, अनुशासन और संगठन की मजबूती का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने सदैव सहकारिता को जनसेवा का सशक्त माध्यम माना है और इसी भावना के अनुरूप संगठन ने कार्य किया है।उन्होंने कहा कि निर्विरोध चुनाव यह दर्शाता है कि पार्टी की नीतियों और कार्यशैली पर सभी वर्गों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। नव निर्वाचित पदाधिकारी निश्चित रूप से संगठन की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे और सहकारिता क्षेत्र में पारदर्शिता, दक्षता तथा जनकल्याण के नए मानक स्थापित करेंगे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

