(अंबिकापुर)। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस की गाड़ी ही एक शातिर चोर लेकर फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोबाइल लोकेशन के जरिए कुछ ही देर में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
रेड के दौरान हुई बड़ी चूक
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना पुलिस को सत्तीपारा इलाके में गांजा बिक्री की सूचना मिली थी। इस पर प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी वाहन छोड़कर आसपास तलाशी में जुट गए, लेकिन इसी दौरान बोलेरो की चाबी गाड़ी में ही लगी रह गई।
छत से कूदकर दिया वारदात को अंजाम
मौके का फायदा उठाते हुए मुकेश नामदेव नामक युवक एक मकान की छत से कूदकर सीधे पुलिस की बोलेरो में बैठा और फरार हो गया। जब पुलिस टीम वापस लौटी तो गाड़ी गायब देखकर हड़कंप मच गया।
मोबाइल बना सुराग, आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान पता चला कि डीएसपी का मोबाइल फोन गाड़ी में ही छूट गया था। पुलिस ने तुरंत मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर पीछा शुरू किया और राम मंदिर के पास से गाड़ी बरामद कर ली। इसके बाद सर्चिंग अभियान चलाकर आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
चर्चा का विषय बनी घटना
गांजा कार्रवाई के दौरान पुलिस के साथ हुई यह अनोखी घटना अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

