नई दिल्ली,28 अपै्रल (आरएनएस)। महिला आरक्षण को तुरंत लागू करने की मांग को लेकर मंगलवार को अखिल भारतीय महिला कांग्रेस ने दिल्ली विधानसभा का घेराव करने पहुंची. एक तरफ विधानसभा के अंदर नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर निंदा प्रस्ताव पारित किया जा रहा था, वहीं विधानसभा के कुछ दूर पहले महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया. इस प्रदर्शन का नेतृत्व अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं.
दिल्ली विधानसभा के कुछ दूर पहले महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर विरोध मार्च निकाला. महिलाओं ने महिला आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर नारेबाजी की. जैसे ही प्रदर्शनकारी विधानसभा की ओर बढ़े, पुलिस और सुरक्षा बलों ने उन्हें आगे बढऩे से रोक दिया. करीब आधे घंटे तक प्रदर्शन हुआ, इसके बाद सभी प्रदर्शनकारी शांतिपूर्वक वापस लौट गए. प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए और आरोप लगाया कि सरकार महिला आरक्षण लागू करने में देरी कर रही है.
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण कानून पहले ही पास हो चुका है और इसे संविधान में भी शामिल किया जा चुका है, फिर भी सरकार इसे लागू करने से बच रही है. अलका लांबा ने कहा कि यदि सरकार चाहे तो तुरंत महिलाओं को उनका अधिकार दे सकती है. उन्होंने मांग की कि लोकसभा की 543 सीटों में से 29 प्रतिशत यानी लगभग 180 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जाएं. अलका लांबा ने आरोप लगाया कि सरकार लोगों को गुमराह कर रही है. उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार दावा करती है कि महिला आरक्षण कानून लागू नहीं हो सकता, जबकि दूसरी ओर यह कानून पहले ही पारित और अधिसूचित हो चुका है. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार अंदर कुछ और, बाहर कुछ और कहती है, जिससे आम जनता के बीच भ्रम पैदा हो रहा है.
महिला कांग्रेस ने महिला आरक्षण लागू कराने के लिए बड़े स्तर पर अभियान भी शुरू किया है. अलका लांबा ने बताया कि देशभर की महिलाओं द्वारा प्रधानमंत्री के नाम पोस्टकार्ड भेजे जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि करीब 10 लाख महिलाएं इस अभियान से जुड़ चुकी हैं और प्रधानमंत्री से महिला आरक्षण लागू करने की मांग कर रही हैं. इसके साथ ही हस्ताक्षर अभियान और मिस्ड कॉल अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि सरकार पर दबाव बनाया जा सके.
अलका लांबा ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जल्द महिला आरक्षण लागू नहीं किया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा. उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस देशभर में सरकार के खिलाफ अभियान चलाएगी और हर विधानसभा स्तर पर विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा.
अलका लांबा ने जाति जनगणना और परिसीमन का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जाति जनगणना कराई जाएगी और उसके आधार पर परिसीमन होगा. इसके बाद महिलाओं को उनका उचित प्रतिनिधित्व मिलेगा.
प्रदर्शन के अंत में महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यह आंदोलन सिर्फ शुरुआत है. उन्होंने कहा कि महिलाओं के अधिकारों के लिए यह लड़ाई आगे भी जारी रहेगी और सरकार को महिला आरक्षण लागू करने के लिए मजबूर किया जाएगा.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

